अहमदाबाद नगर में बढ़ता कचरे का ढेर

अहमदाबाद नगर कचरे का ढेर बनता जा रहा है। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण नगर में गंदगी का ढेर बढ़ता जा रहा है। सड़कों पर कचरा लगातार जमा होता जा रहा है। सफाई कर्मचारी नियमितीकरण की माँग को लेकर हड़ताल पर हैं।

नगर निगम का दावा रहा है कि वह 24 घंटे स्वच्छता अभियान चलाता है, लेकिन अभी हालत ये है कि एक ही दिन में उसे कचरे की 70 से ज्यादा शिकायतें मिली हैं। एक पखवाड़े से यही हाल है, लेकिन नगर निगम कुछ नहीं कर पा रहा है। पार्षदों की शिकायतों पर भी कार्रवाई नहीं हो पा रही है।

सबसे ज्यादा शिकायतें जोधपुर वॉर्ड से आ रह है जहाँ गोकुल रो हाउस, अश्वमेघ बंगला,शिवालिक कॉरपोरेट हाउस, तेजधारा बंगला, वृंदावन सोसायटी और रिवेरा आर्केड में कचरा काफी बढ़ गया है।

वेजलपुर वॉर्ड के भी कई इलाकों से कचरे की शिकायतें अहमदाबाद नगर निगम को मिल रही हैं। वंदेमातरम रोड गोटा से मरे जानवर पड़े होने की शिकायतें मिल रही हैं।

नगरवासी बार-बार माँग कर रहे हैं कि जेसीबी मशीन से कचरा उठवाया जाए, लेकिन नगर निगम के पास कर्मचारियों की इतनी कमी है कि वो ऐसी किसी माँग को पूरा नहीं कर पा रहा है। कुछ कर्मचारी जेसीबी मशीनें लेकर जाते भी हैं तो हड़ताली कर्मचारी उन्हें काम नहीं करने दे रहे हैं।

कई इलाकों में तो कचरा इतना ज्यादा जमा हो गया कि निवासियों को खुद ही सफाई के लिए निकलना पड़ गया। एक पखवाड़े से जारी इस स्थिति के कारण अब लोगों का भी गुस्सा बढ़ने लगा है।

लोगों की नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि अहमदाबाद नगर निगम हड़ताल खत्म करवाने के लिए सफाई कर्मचारियों से किसी तरह की बातचीत नहीं कर रहा है। उधर, नगर निगम के अधिकारी हड़ताली सफाई कर्मचारियों को बरखास्त करने की बात कहकर उनकी नाराजगी और बढ़ा रहे हैं।
 

Trending

IN FOCUS

Related Articles

ALL STORIES

ALL STORIES